धौरहरा (खीरी)। वन रेंज के बबुरी भट्ठा पर तेंदुआ मानव संघर्ष के बाद हुई तेंदुए की मौत मामले में वन विभाग ने अज्ञात लोगों के विरुद्ध केस दर्ज किया गया है।
मंगलवार को बबुरी भट्ठा पर तेंदुआ ने मिहीलाल निवासी गिरधारी पुरवा पर हमला कर घायल कर दिया था। मिहीलाल को बचाने के लिए ग्रामीणों ने तेंदुए पर ईंटों से पथराव कर दिया था, जिससे तेंदुआ घायल हो गया है। हालांकि उसे पकड़ने में रेंजर नृपेंद्र चतुर्वेदी सहित वन दरोगा राजेश दीक्षित और पीआरवी आरक्षी राम सजीवन और एक अन्य ग्रामीण भी घायल हुआ था। तेंदुए की इलाज के दौरान बुधवार शाम मौत हो गई थी। मामले में वन विभाग ने अज्ञात लोगों के विरुद्ध वन्यजीव अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है। डीएफओ नार्थ शौरीष सहाय ने बताया कि तेंदुआ मौत मामले में वन्यजीव अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। संवाद