महेवागंज (खीरी)। आंध्र प्रदेश के हैदराबाद जिले की पुलिस का लाव लश्कर सोमवार शाम शारदा नगर क्षेत्र के झमपुरवा गांव पहुंचा। पुलिस टीम ने गांव की घेराबंदी कर कुछ घरों में सर्च ऑपरेशन चलाया।
बताते हैं कि गांव के एक युवक ने पड़ोसी मुल्क के एक जेहादी मौलाना से सोशल मीडिया से संपर्क बना रखा था। हाल ही में उसने अपना साफा बांधे और बंदूक के साथ एक फोटो भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर डाली थी। मामला खुफिया विभाग की नजर में चढ़ गया। टीम ने यूपी के अमरोहा जिले में एक मदरसे से युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। वहीं से कुछ सुराग मिलने पर गांव में पुलिस और आला-अधिकारियों का दल पहुंचा।
कई कार और चार बस से पहुंचे पुलिस बल ने पूरे गांव की घेराबंदी कर ली। युवक के बताए ठिकाने और उससे संबंधित लोगों के घरों का कोना-कोना खंगाला। करीब चार घंटे तक सर्च अभियान चला। सर्च ऑपरेशन पूरी तरह गुप्त रहा। लोकल की पुलिस तक को भनक नहीं लगी। टीम जब युवक के पिता को हिरासत में लेकर शारदा नगर थाने पहुंची, तो स्थानीय पुलिस को पता चला। वहां पूछताछ कर युवक के पिता को छोड़ दिया। हालांकि, सूत्रों ने बताया कि टीम को गांव से कोई बड़ी संदिग्ध वस्तु या दस्तावेज नहीं मिले।
वर्जन
एक संदिग्ध मामले में आंध्र प्रदेश की पुलिस आई थी। अधिकारियों के कहने पर उन्हें सुरक्षा दी गई थी। सुरक्षा कारणों को लेकर पूरा मामला अभी नहीं बताया जा सकता, लेकिन जल्द ही खुलासा किया जाएगा।
विवेक तिवारी, सहायक पुलिस अधीक्षक