मैगलगंज। पुराने मकान की छत का प्लास्टर गिरने से दो वर्षीय इकलौती बेटी लक्ष्मी की मौत ने अमित राठौर के परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
मितौली निवासी अमित की शादी करीब तीन वर्ष पहले हुई थी। उनकी बेटी लक्ष्मी ही परिवार की खुशियों का सहारा थी। हादसे में उसे खोने के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
अमित की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है। वह मितौली कस्बे में छोटी-सी फोटोकॉपी की दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। सीमित आमदनी में परिवार चलाने वाले अमित के लिए इकलौती बेटी को खोने का दुख असहनीय है। हादसे के बाद घर में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
तहसीलदार मितौली प्रीति सिंह ने बताया कि पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट आने के बाद पीड़ित परिवार को आपदा प्रबंधन के तहत चार लाख रुपये का अनुदान दिया जाएगा। आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
मृतक बच्ची लक्ष्मी का फ़ाइल फोटो