चंद पैसों के लालच में मरीजों की जिंदगी से खिलवाड़
मरीजों को समय से बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए सरकार ने एंबुलेंस सेवा शुरू की थी। इन्हीं एंबुलेंस के चालक कभी-कभी चंद पैसों के लालच में मरीजों की जिंदगी से खिलवाड़ करने से बाज नहीं आते। ऐसा ही एक मामला रमियाबेहड़ सीएचसी में देखने को मिला, जहां घायल महिला को एंबुलेंस सीएचसी से आधा किलोमीटर दूर छोड़ कर चली गई। महिला एक घंटे बाद राहगीर की मदद से अस्पताल पहुंच पाई।
रमियाबेहड़ ब्लॉक क्षेत्र के अभयपुर गांव निवासी विजय शंकर वर्मा की पत्नी विजय लक्ष्मी घर में गिरने से घायल हो गई थीं। पति ने 108 पर कॉल की। एंबुलेंस करीब आधे घंटे में पहुंची और उसे लेकर सीएचसी रमियाबेहड़ के लिए रवाना हुई। विजय शंकर का आरोप है कि एंबुलेंस चालक उमेश और एमटी अजय कुमार ने उससे पैसों की मांग की, न देने पर सीएचसी में कीचड़ होने का हवाला देकर उनकी पत्नी को सीएचसी से आधा किलोमीटर दूर ही उतार दिया। आधा घंटे तक घायल महिला वहीं पड़ी रहीं। वहां से गुजर रहे एक राहगीर को महिला पर दया आयी तो उसने अपनी स्कॉर्पियो से उसे अस्पताल पहुंचाया। चालक उमेश ने बताया कि पैसे किसी ने नही मांगे। सीएचसी के अंदर कीचड़ होने से गाड़ी नही जा सकती थी इसलिए उतार दिया।