सामूहिक आत्महत्या मामले में एसपी को ज्ञापन सौंपने आए अधिवक्ता महासंघ के पदाधिकारी। संवाद
लखीमपुर खीरी। बांकेगंज के बाबूपुर गांव में जमीन के लिए तीन लोगों की आत्महत्या के मामले को लेकर सोमवार को अधिवक्ताओं ने एसपी से मुलाकात की। अधिवक्ता महासंघ ने मामले में पुलिस कर्मियों को भी जिम्मेदार बताते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की।
बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के सदस्य व पूर्व चेयरमैन अजय कुमार शुक्ल के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश अधिवक्ता महासंघ ने एसपी को सौंपे ज्ञापन में कहा कि जो भी पुलिसकर्मी पूरे प्रकरण में शामिल हैं, सभी पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया जाए।
मौके की परिस्थितियां व साक्ष्य इस बात की गवाही दे रहे हैं कि मृतक बाप-बेटों की आत्महत्या में जितनी भूमिका उनकी रिश्तेदार महिला सिपाही आरती निगम व उसके परिजनों की है, उतनी ही भूमिका पुलिसकर्मियों की रही है।
अधिवक्ता महासंघ के उपाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह सूर्यवंशी ने चेतावनी दी कि अधिवक्ता समाज पुलिस अत्याचार के समक्ष मूकदर्शक नहीं रहेगा। इससे पूर्व भी पुलिस उत्पीड़न के कारण जिले में आत्महत्या की घटनाएं हो चुकी हैं। दोषी पुलिस कर्मियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए अधिवक्ता समाज सड़क से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक संघर्ष करेगा।
इस अवसर पर आफताब अहमद, ऊषा वर्मा, अफसर अली, मनोज प्रजापति, हिमांशु तिवारी, राम गोपाल पांडे, गोपाल कश्यप, रजनीश द्विवेदी, आशुतोष त्रिवेदी आदि लोग मौजूद रहे।