निघासन। डीएम दुर्गाशक्ति नागपाल के निर्देश पर शुरू हुई घाघी नाले की खोदाई में मानकों की अनदेखी सामने आ रही है। किसानों का आरोप है कि प्रशासन सिर्फ खानापूरी कर रहा है। वास्तविकता में नाले की चौड़ाई को लेकर जमकर अनियमितता बरती जा रही है।
नक्शे के अनुसार घाघी नाले की चौड़ाई 45 मीटर तय की गई है, लेकिन मौके पर महज 10 मीटर खोदाई की जा रही है। इससे नाराज किसानों ने प्रशासन पर सवाल खड़े किए हैं। किसान अमित सिंह का कहना है कि नक्शे में कुछ हिस्सों में जहां जंगल क्षेत्र संकरा है, वहां 30 मीटर खोदाई दर्शाई गई है, जबकि बाकी हिस्सों में 45 मीटर की चौड़ाई तय है। बावजूद इसके खोदाई सिर्फ 10 मीटर तक सीमित है।
अमित सिंह ने कहा कि अगर खोदाई कार्य मानकों के अनुरूप नहीं हुआ तो क्षेत्र में जलभराव और कटान की समस्या जस की तस बनी रहेगी। स्थानीय किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि खोदाई कार्य की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए और मानक के अनुसार कार्य कराया जाए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की प्राकृतिक आपदा से बचा जा सके।