पलियाकलां। गांव बेलाकलां निवासी वाहिद अली ने एक व्यक्ति और उसकी पत्नी पर पुश्तैनी जमीन पर जबरन कब्जा करने का आरोप लगाते हुए डीएम से न्याय और सुरक्षा की गुहार लगाई है।
डीएम को दिए प्रार्थना पत्र में उन्होंने बताया कि गाटा संख्या 69, रकबा 0.421 हेक्टेयर भूमि पर 28 मार्च को आरोपियों ने दर्जनों लोगों के साथ पहुंचकर कब्जा कर लिया। आरोप है कि जमीन पर बनी आबादी और बुनियाद को ध्वस्त कर चारपाई और टिनशेड भी अपने कब्जे में ले लिए गए।
पीड़ित का कहना है कि साजिश के तहत महिलाओं को जमीन पर बैठा दिया गया है, ताकि वह अपने ही हिस्से में प्रवेश न कर सके। विरोध करने पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी गई, साथ ही जमीन को तीसरे पक्ष को बेचने की बात कही गई।
पत्र में कहा गया है कि भूमि विवाद का मामला एसडीएम पलिया न्यायालय में विचाराधीन है। इसके बावजूद विपक्षी कानून को नजरअंदाज कर कब्जा कर रहे हैं। पीड़ित ने मांग की है कि कोर्ट के निर्णय तक दबंगों को जमीन से बेदखल कर मौके पर शांति व्यवस्था कायम कराई जाए। संवाद