लखीमपुर रेलवे स्टेशन पर खड़ी ट्रेन में चढ़ने के लिए लगी यात्रियों की भीड़। संवाद
लखीमपुर खीरी। महाशिवरात्रि पर प्रयागराज में 26 फरवरी को होने वाले अमृत स्नान के लिए जनपद से बड़ी संख्या में लोग जा रहे हैं। कोई ट्रेन तो कोई रोडवेज व निजी बसों से जा रहा है। सबसे ज्यादा भीड़ ट्रेनों में देखने को मिली। सोमवार को ट्रेन में सीट पाना तो दूर अंदर घुसने के लिए लोगों को धक्का-मुक्की तक करना पड़ी।
मैलानी से लखनऊ रूट पर पांच जोड़ी ट्रेनों का संचालन हैं। सोमवार को लखनऊ रूट की सभी ट्रेनें यात्रियों से भरी रहीं। सुबह से ही रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की काफी भीड़ देखने को मिली। लखीमपुर स्टेशन पर दोपहर डेढ़ बजे ट्रेन संख्या 55083 मैलानी-डालीगंज पहुंची। लखीमपुर रेलवे स्टेशन के प्लेट फार्म नंबर एक पर जैसे ही ट्रेन रुकी, यात्रियों में चढ़ने की होड़ मच गई।
भीड़ में लोग एक दूसरे से धक्का-मुक्की करने लगे। ऐसे में जीआरपी के जवानों ने मोर्चा संभाला और ट्रेन को कुछ देर के लिए रुकवाकर सभी को चढ़ाया। फिर भी धक्का मुक्की होती रही। ट्रेन के अंदर लोग खड़े सफर करने को मजबूर हुए।
लखीमपुर रेलवे स्टेशन पर खड़ी ट्रेन में चढ़ने के लिए लगी यात्रियों की भीड़। संवाद