बांकेगंज। ब्लॉक क्षेत्र की तेंदुआ पंचायत और अलीगंज के निकट स्थित कबीरधाम में हाल ही मृत मिले पांच कौओं में से एक कौए का नमूना बर्ड फ्लू से संक्रमित पाया गया है। इसके बाद से उस स्थान के एक वर्ग किलोमीटर क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया गया है। वहीं वनाधिकारियों ने दुधवा के लिए भी अलर्ट जारी कर दिया है।
अलीगंज क्षेत्र के कबीरधाम में एक साथ 12 जनवरी को पांच कौओं की अस्वाभाविक मौत हुई थी। इनके सैंपल जांच के लिए वन विभाग के सहयोग से नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हाई सिक्योरिटी एनीमल डिजीज (भोपाल) भेजे गए थे। एक सप्ताह बाद इनकी जांच रिपोर्ट आ गई है, जिसके अनुसार इनमें से एक कौए का सैंपल बर्ड फ्लू से संक्रमित पाया गया है।
दुधवा टाइगर रिजर्व बफरजोन के उपनिदेशक डॉ. अनिल कुमार पटेल ने बताया कि कौओं के मरने वाली जगह के एक वर्ग किलोमीटर क्षेत्र को कंटेनमेंट क्षेत्र घोषित कर दिया गया है और वहां विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि इस दरम्यान बांकेगंज और मैलानी क्षेत्र में मृत मिले कौओं की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है।
पड़रिया तुला और राजेपुर में एक-एक कौए की मौत
गुलरिया। पड़रिया तुला में लखीमपुर-पलिया राजमार्ग पर स्थित पशु अस्पताल के सामने सुबह छह बजे एक कौआ बीच रोड पर गिरा और उसकी मौत हो गई। सूचना पशु चिकित्साधिकारी डॉ. सुभाष कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया कौए की मौत ठंड लगने से होना प्रतीत हो रही है। बर्ड फ्लू जैसे कोई लक्षण नहीं दिख रहे हैं। इसलिए जांच के लिये प्रयोगशाला भेजने की जरूरत नहीं है। उसके शव को दफना दिया गया है।
मैलानी। राजेपुर गांव में एक खेत में दोपहर में अचानक एक कौआ फड़फड़ाकर नीचे गिर गया। इसके कुछ देर बाद ही उसकी मौत हो गई। इससे लोगों में बर्ड फ्लू की दहशत फैल गई। ग्राम पंचायत सुवाबोझ के गांव राजेपुर में मेन मार्केट के पास आजाद का खेत है। दोपहर बाद करीब साढ़े तीन बजे आजाद के खेत में फड़फड़ाकर अचानक एक कौआ आ गिरा, जिसकी कुछ देर बाद मौत हो गई। पशु चिकित्साधिकारी डॉ. जगदेव सिंह ने बताया कि कौआ के शव को संरक्षित कर जिला मुख्यालय भेजा गया है। संवाद