पुलिस ने करीब दस माह बाद किया खुलासा, बहू और एक सहयोगी गिरफ्तार
निघासन। जहर देकर एक व्यक्ति की हत्या का खुलासा निघासन पुलिस ने करीब दस माह बाद किया है। ससुर अपनी सारी जायदाद अपने पुत्र की पहली पत्नी के बेटे के नाम न कर दे, इसके लिए दूसरी बहू ने उसे रोटी में जहर मिलाकर खिला दिया था, जिससे उसकी मौत हो गई थी।
12 जुलाई 2021 की रात लुधौरी के जोखीपुरवा गांव निवासी वृद्ध तेजराम उर्फ तेजा की खाना खाने के बाद अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। तेजा की थाली में रखी रोटियां खाकर तेजा के पालतू दो बकरे भी मर गए थे। फूलबेहड़ थाना क्षेत्र के तेंदुआ गांव निवासी तेजा के पोते मुनेश कुमार ने घर के ही किसी सदस्य पर जहर देकर हत्या करने की आशंका जताते हुए पुलिस को तहरीर दी थी। इस पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जहर मिली रोटी खाने से मौत की पुष्टि होने के बाद हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई थी।
पुलिस ने जांच-पड़ताल और छानबीन के बाद तेजा की बहू रामसहेली और उसके सहयोगी राजेश कुमार को बृहस्पतिवार सुबह गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि आरोपियों ने जुर्म कुबूल करते हुए बताया कि उनको आशंका थी कि तेजा अपनी सारी जमीन अपने बेटे तोताराम की पहली पत्नी के लड़के मुनेश के नाम करवा सकता है। इसी वजह से उन्होंने उसे मारने के लिए जहर मिली रोटियां दे दी थीं।