फूलबेहड़ के अग्गरखुर्द गांव में फातेहा के बाद जलाकर रखे गए चिराग से छप्परनुमा घर में आग लग गई। घर वाले और पड़ोसी जुलूस में थे, इससे पास के चार और घर चपेट में आ गए। आग में नकदी समेत हजारों का नुकसान हुआ है। बाद में पुलिस और लेखपाल ने मौका मुआयना किया।
अग्गरखुर्द गांव निवासी मोबीन ने बताया कि मंगलवार रात परिवार समेत वह नौवीं के जुलूस में गया था। इससे पहले फातेहा के बाद घर में चिराग जलाया गया था। मंगलवार देर रात सभी जुलूस में थे। इस बीच किसी तरह छप्पर में आग लग गई। आग की लपटों ने जुलूस मे शामिल सलीम, आमीन, मतीन और खलील के घरों को भी चपेट में ले लिया। गांव में आग की जानकारी लगते ही अफरातफरी मच गई। ग्रामीणों ने एकजुट होकर आग बुझाने का प्रयास किया। इस बीच सुंदरवल और फूलबेहड़ पुलिस मौके पर पहुंची। बुधवार को लेखपाल ने मौका मुआयना कर नुकसान का आकलन किया। पीड़ितों के मुताबिक आग में नकदी, अनाज समेत गृहस्थी का सामान जल गया है।