फरधान। ट्रैक्टर की चपेट में आने से युवक की मौत के बाद अब बहन ने भी दम तोड़ दिया है। शनिवार को लखनऊ ले जाते वक्त उसकी मौत हुई। पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
नीमगांव थाना क्षेत्र की चौकी सिकंदराबाद के गांव नेवलापुर निवासी रोहित कुमार अपनी बहन अंजनी देवी को शुक्रवार को फरधान थाना क्षेत्र के गांव रमुआपुर से विदा कराकर बाइक से घर जा रहा था। सिकंदराबाद कस्ता मार्ग पर गांव जम्होरा के पास बाइक ट्रैक्टर की चपेट में आ गई थी, जिसमें रोहित कुमार की मौके पर ही मौत हो गई थी।
बहन अंजनी देवी गंभीर रूप से घायल हो गई थी। परिजनों ने अंजनी को जिला अस्पताल ओयल में भर्ती कराया था। शनिवार को डॉक्टर ने उसे लखनऊ रेफर कर दिया था। परिजन इलाज के लिए अंजनी को लखनऊ ले जा रहे थे। रास्ते में सीतापुर के पास अंजनी देवी (27) पत्नी दुर्योधन की मौत हो गई।
रमुआपुर निवासी दुर्योधन ने बताया कि उसकी एक वर्ष पहले ही नेवलापुर में शादी हुई थी। प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि घटना नीमगांव थाना क्षेत्र में हुई थी। विवाहिता की ससुराल फरधान थाना क्षेत्र के गांव रमुआपुर में होने की वजह से शव का पंचनामा भरकर शव पोस्टमॉर्टम करने के लिए भेज दिया गया है।