दुधवा रेंज में घूमता बाघ। स्त्रोत सैलानी
पलियाकलां। दुधवा टाइगर रिजर्व आने वाले सैलानियों को इस सत्र में पहले दिन से ही बाघ के दीदार हो रहे हैं। मंगलवार को साप्ताहिक बंदी के तहत दुधवा के द्वार सैलानियों के लिए बंद रहते हैं, लेकिन सोमवार की सुबह और शाम की पाली में सैलानियों ने बाघ को करीब से देखकर रोमांच से भरपूर अनुभव का अहसास किया।
सोमवार की सुबह लखनऊ से आए सैलानियों ने जहां बाघिन के दीदार किए थे, वहीं शाम की पाली में भी दुधवा पहुंचने वाले सैलानियों को बाघ दिखाई दिया। शुरुआती दिनों में जहां किशनपुर क्षेत्र में बाघ अधिक दिख रहे थे, वहीं अब दुधवा रेंज में भी बाघों का दीदार सैलानियों को होने लगा है। इससे सैलानियों की आमद बढ़ रही है।
मंगलवार को पार्क बंद होने के कारण जंगल सफारी भी पूरी तरह से बंद रही, लेकिन बुधवार को जंगल सफारी करने आने वाले सैलानियों की यहां भीड़ देर शाम से लगने लगी।
डीडी डाॅ. रंगाराजू टी. ने बताया कि दुधवा में आने वाले सैलानियों को लगातार नियमों के साथ जंगल का भ्रमण कराया जा रहा है। जंगल सफारी में गाइडों को भी ज्यादा से ज्यादा जानकारियां देने के लिए निर्देशित किया गया है।