धौरहरा। आपत्तिजनक स्थिति में देखे जाने पर एक व्यक्ति ने बेटी के प्रेमी की गला दबाकर हत्या कर दी और उसके शव को बोरे में भरकर सीवर टैंक में फेंक दिया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने सीवर टैंक को साफ करवाकर शव बाहर निकलवाया। मृतक के परिजन की तहरीर के आधार पर आरोपी और दो पड़ोसियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
मामला दो समुदायों का होने के कारण एएसपी अरुण कुमार सिंह, सीओ टीएन दुबे, एसडीएम धीरेंद्र सिंह ने भी मौका मुआयना किया। गांव में पीएसी और पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने बताया कि धौरहरा कस्बे के एक मोहल्ले में एक व्यक्ति की पुत्री का प्रेम प्रसंग पड़ोस के गांव के रहने वाले दूसरे समुदाय के युवक से चल रहा था। युवक अक्सर प्रेमिका के घर पर चला जाता था।
प्रेम प्रसंग की जानकारी दोनों परिवारों को थी। लड़की के पिता ने कई बार लड़के को मना किया मगर वह नहीं माना। सोमवार की रात युवक चुपके से लड़की के घर दाखिल हो गया। बताया गया कि मंगलवार की सुबह पांच बजे के करीब लड़की के पिता ने युवक को बेटी के साथ आपत्तिजनक हालत में देख लिया। गुस्से में आकर उसने युवक की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को बोरे में भरकर सीवर के टैंक में डाल दिया।
सुबह जब किसी तरह लोगों को घटना का सुराग लगा तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस हत्यारोपी पिता और उसकी पुत्री को पूछताछ के लिये थाने ले लाई। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपनी पुत्री और युवक को आपत्तिजनक हालत में देखा था। गुस्से में उसने गमछे से गला घोंटकर युवक को मार डाला और उसका शव को बोरे में भरकर घर में बने सीवर के टैंक में डाल दिया। पुलिस ने मृतक के परिजन की तहरीर पर हत्या के आरोपी के पिता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।