तिलहर। अधिवक्ताओं के साथ मारपीट करने वाले आरोपियों को जमानत देने से नाराज अधिवक्ताओं ने हंगामा किया। एसडीएम का तबादला करने की मांग करने के साथ उनकी कोर्ट का बहिष्कार कर दिया।
बृहस्पतिवार को बार एसोसिएशन के अध्यक्ष नरेश चंद्र सक्सेना के नेतृत्व में अधिवक्ता तहसील में एकत्र हुए। अध्यक्ष नरेश चंद्र सक्सेना ने कहा कि कटरा में 12 मई को अधिवक्ता सत्यवीर सिंह यादव एवं उनके पुत्रों के साथ तमाम लोगों ने रेस्टोरेंट में घुसकर मारपीट करने के साथ लूटपाट की थी।
इस मामले में पकड़े गए आरोपियों को कटरा पुलिस ने एसडीएम कोर्ट में पेश किया था। अधिवक्ताओं के बहिष्कार के कारण उन्हें जमानत नहीं दी गई थी। एसडीएम ने आरोपी अतुल एवं रवि को बिना जमानत दिए कटरा थाने भेज दिया गया था। आरोप है कि इसके बाद 21 मई को आरोपियों को कोर्ट में बिना पेश किए ही एसडीएम के द्वारा थाने जाकर जमानत एवं निजी बंधन पत्र पर छोड़ दिया गया।
अधिवक्ताओं ने कहा कि जब तक एसडीएम का तबादला नहीं होगा तब तक एसडीएम कोर्ट का सभी अधिवक्ता बहिष्कार करेंगे। वहीं, एसडीएम रविंद्र कुमार ने बताया कि उनपर लगाए जा रहे आरोप निराधार हैं। संवाद