लखीमपुर खीरी। राजापुर चौराहा स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में नए सत्र के प्रवेश एक सप्ताह के भीतर शुरू होने की संभावना है। संस्थान के अनुसार किसी भी दिन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो सकती है। इसे लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
कॉलेज के प्रधानाचार्य पीके शाक्यवार ने बताया कि नए सत्र के प्रवेश की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। संस्थान में 12 विभिन्न ट्रेडों में प्रशिक्षण दिया जाता है। अलग-अलग ट्रेडों के प्रशिक्षण की समयावधि भी अलग निर्धारित है।
संस्थान में फिटर, टर्नर, इलेक्ट्रीशियन, मैकेनिक रेफ्रिजरेशन, इलेक्ट्रॉनिक मैकेनिक, मैकेनिक मोटर व्हीकल, वायरमैन, मैकेनिक ट्रैक्टर, वेल्डर, सिलाई टेक्नोलॉजी, फैशन डिजाइन एंड टेक्नोलॉजी और स्टेनोग्राफी सेक्रेटेरियल असिस्टेंट हिंदी का प्रशिक्षण दिया जाता है। इसके अलावा एआई की कक्षाएं भी संचालित की जाती हैं।
प्रधानाचार्य ने बताया कि छात्रों को प्रशिक्षण देने के लिए शिक्षकों की नियुक्ति की गई है। अधिकांश ट्रेडों का प्रशिक्षण दो वर्ष का है, जबकि कुछ कोर्स एक वर्ष में पूरे कराए जाते हैं।