लखीमपुर खीरी। लखनऊ विवि से संबद्ध युवराजदत्त महाविद्यालय में स्नातक कक्षाओं में प्रवेश प्रक्रिया मई के पहले सप्ताह से शुरू होने की संभावना है। कॉलेज प्रशासन के अनुसार, यूपी बोर्ड इंटरमीडिएट का परिणाम घोषित होने के बाद ही प्रवेश प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
कॉलेज में बीए की 1320 सीटों पर सबसे अधिक आवेदन लिए जाते हैं। जिले में सबसे अधिक सीटें होने के कारण यहां प्रवेश को लेकर छात्र-छात्राओं में उत्साह है और अभिभावक भी अभी से कॉलेज के चक्कर लगा रहे हैं।
महाविद्यालय में बीए के अलावा बीकॉम-360, बीएससी-600, बीएड-50, एमए फिलॉसफी-60, एमए अंग्रेजी-60, एमए राजनीतिक विज्ञान-120, एमए हिंदी-60, एमए अर्थशास्त्र-60, एमए इतिहास-60, एमकॉम-60 और एमएससी बॉटनी-20 सीटों पर प्रवेश लिया जाता है।
प्राचार्य डॉ. हेमंत पाल ने बताया कि इंटर का परिणाम जल्द घोषित होने की उम्मीद है, जिसे देखते हुए प्रवेश की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। प्रवेश के दौरान छात्र-छात्राओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए कॉलेज में प्रवेश समिति बनाई जाएगी और कैंपस में ही सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
प्रवेश प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए इस बार भी आवेदन पूरी तरह ऑनलाइन होगा। छात्र घर बैठे फार्म भर सकेंगे और फीस भी ऑनलाइन जमा कर सकेंगे। प्रवेश शुरू होते ही कॉलेज से प्रवेश विवरणिका उपलब्ध कराई जाएगी, जिसमें आवेदन प्रक्रिया, फीस जमा करने और कक्षाएं शुरू होने से संबंधित सभी जानकारी दी जाएगी।