बैठक करते हुए चकबंदी लेखपाल। स्रोत : संगठन
लखीमपुर खीरी। प्रशासनिक अधिकारियों के अमानवीय व्यवहार व शोषण के चलते जनपद हापुड़ की तहसील धौलाना में तैनात चकबंदी लेखपाल सुभाष मीणा ने आत्महत्या कर ली। यह आरोप प्रशासनिक अधिकारियों पर लगाते हुए जनपद के चकबंदी लेखपालों ने कार्य बहिष्कार कर मामले की न्यायिक जांच कराने की मांग की। सभी ने दो मिनट का मौन धारण कर दिवंगत लेखपाल की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
चकबंदी लेखपाल संघ के कार्यवाहक जिलाध्यक्ष राजेंद्र सिंह की अध्यक्षता में चकबंदी लेखपाल मंगलवार को जिला मुख्यालय पर एकत्र हुए। सभी ने कहा कि हापुड़ की हृदयविदारक घटना न केवल प्रशासनिक उदासीनता को उजागर करती है, बल्कि विभागीय शोषण, मानसिक उत्पीड़न एवं अनुचित कार्यभार जैसी गंभीर समस्याओं को भी दर्शाती है।
ज्ञापन के माध्यम से लेखपालों ने घटना की न्यायिक जांच की मांग की। मांग की कि दिवंगत लेखपाल के परिजनों को आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को नौकरी दी जाए।