लखीमपुर खीरी। सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला गढ़ी रोड शांतिनगर निवासी मंजू तिवारी ने एक युवक पर 7.18 लाख रुपये की रकम हड़पने का आरोप लगाया है। महिला का आरोप है कि युवक फर्जी एलआईसी का एजेंट बनकर आया और दस्तावेज हासिल किए। फिलहाल पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को मंजू तिवारी ने बताया कि उनके दिवंगत पति की एलआईसी पॉलिसी की धनराशि 7,18,729 रुपये उन्हें मिलनी थी। आरोप है कि गौरव मिश्रा नामक युवक ने स्वयं को एलआईसी एजेंट बताते हुए पॉलिसी, बैंक पासबुक सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज अपने कब्जे में ले लिए।
इतना ही नहीं आरोपी उन्हें अपने साथ बैंक ले गया और जरूरी प्रक्रिया बताकर कोरे कागजों व शपथ पत्रों पर हस्ताक्षर करा लिए।आरोप है कि युवक ने एटीएम कार्ड भी जारी करा लिया गया। धनराशि खाते में आने के बाद एटीएम और फोन-पे के माध्यम से खाते से पूरी धनराशि निकाल ली गई। बैंक पहुंचने पर उन्हें पता चला कि खाते में मात्र 149 रुपये शेष बचे हैं।