फरधान सामूहिक दुष्कर्म कांड
लखीमपुर खीरी जिले के फरधान थाना क्षेत्र में 15 दिसंबर को नाबालिग छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म की घटना हुई। इस घटना ने पूरे जिले को हिला कर रख दिया था। घटना के दो आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी थी। मुख्य आरोपी तालिब उर्फ़ आजम खां फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने कई बार छापेमारी की, लेकिन वह बचकर भागता रहा। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था, जिसके बाद उसकी तलाश में पुलिस ने लगातार दबिश दी।
फरधान क्षेत्र के गांव गौरिया का रहने वाला था तालिब
पुलिस के मुताबिक तालिब उर्फ आजम शातिर अपराधी था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उसके खिलाफ फरधान थाने में लूट, पास्को एक्ट एवं दुष्कर्म के छह मुकदमे दर्ज हैं। खीरी के अन्य थाना क्षेत्रों में हत्या की कोशिश, लूट, डकैती और हत्या जैसे गंभीर मामलों में कुल 17 मुकदमे दर्ज थे। तालिब की गांव में दहशत थी। वह अपने पिता का इकलौता पुत्र था। वह सिर्फ लखीमपुर खीरी में ही नहीं, बल्कि आसपास के जिलों में भी अपनी आपराधिक गतिविधियों के लिए कुख्यात था।