मितौली। क्षेत्र के गांव राजेपुर से हुए बच्चे के अपरहण मामले में पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। एसपी ने घटना का खुलासा करने वाली टीम को 25 हजार रुपये नकद इनाम दिया है।
मितौली थाना क्षेत्र के गांव राजेपुर गांव निवासी हरिनाम पाल शुक्रवार दोपहर गांव के पश्चिम नहर में जानवर नहलाने गए थे। उनका सात वर्षीय बेटा अगम भी साथ गया था। वहां से हरिनाम ने बेटे को साइकिल से घर भेज दिया था, जबकि वह खुद जानवरों के साथ आ रहे थे। घर पहुंचने के पहले ही अगम रास्ते से गायब हो गया था। उसकी साइकिल, चप्पल व नेकर गांव के एक शीशम के पेड़ के पास मिले थे।
सूचना पर एसपी संकल्प शर्मा के अलावा थाना प्रभारी शिवाजी जी दुबे और सीओ शमशेर बहादुर सिंह मौके पर पहुंचे। देर शाम पुलिस की घेराबंदी के चलते बदमाश सीतापुर जिले के मथना गांव के पास बच्चे को छोड़कर चले गए थे। जैसे तैसे बच्चा अपनी बुआ के घर पहुंच गया था। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और उसको लेकर थाने आ गई।
थाना प्रभारी शिवाजी दुबे ने बताया, बच्चे के बताने पर गांव के ही मुन्नालाल को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। इसके बाद अन्य साथियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि गांव के ही मुन्नालाल व अनुपम ने अपने साथियों के साथ मिलकर बच्चे का अपहरण करने के बाद फिरौती मांगने की योजना बनाई थी। घटना वाले दिन गांव का मुन्नालाल सुबह से बच्चे पर नजर जमाए था।
दोपहर को उसने बच्चे को बेर खिलाने के बहाने बुलाकर बाइक सवार अंकित कुमार, शिवम गौतम निवासी गण नरवहनपुर थाना इमलिया सुल्तानपुर सीतापुर व विवेक कुमार निवासी महेवा थाना महोली सीतापुर के हवाले कर दिया। तीनों बाइक सवार बच्चे को नहर के रास्ते सीतापुर की तरफ लेकर निकल गए। इसी दौरान पुलिस के सक्रिय होने से घबराकर मुन्नालाल व अनुपम ने अपने साथियों को फोन कर बच्चे को उसकी बुआ के गांव मथना सीतापुर छोड़ने की बात कही।
इसके बाद तीनों बच्चे को बुआ के घर के पास छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने मुख्य आरोपी राजेपुर निवासी मुन्नालाल और अनुपम, अंकित कुमार, शिवम गौतम और विवेक कुमार को घटना में प्रयुक्त बाइक के साथ गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा है।