पलियाकलां। चंदनचौकी रोड पर सूरमा रेलवे क्रॉसिंग के पास सड़क किनारे रखे गार्टर के ढेर में बाइक घुसने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। बाइक चालक ने हेलमेट पहन रखा था।
थारू क्षेत्र के पोया गांव निवासी झेलीराम का 28 वर्षीय पुत्र घनश्याम लखीमपुर में सिंचाई विभाग में तैनात है। रविवार को छुट्टी की वजह से वह शनिवार देर रात पोया निवासी अपने साथी पीआरडी जवान 27 वर्षीय रामसहाय पुत्र बम्हन के साथ बाइक से घर जा रहा था। इसी बीच पलिया-चंदनचौकी रोड पर रेलवे क्रॉसिंग को पार करने के बाद अचानक बाइक अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे रखे गार्टर में जा घुसी। सीमेंटेड गार्टर से टकराने की वजह से घनश्याम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी रामसहाय गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी होने पर लोग किसी तरह से उन्हें सीएचसी लाए, लेकिन हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलने के बाद शनिवार रात परिजन की भीड़ सीएचसी में लग गई और चीख पुकार मच गई। परिजन ने बताया कि मृतक घनश्याम की अभी एक साल पहले ही थारू क्षेत्र के कजरिया गांव से शादी हुई थी। सूचना पर पहुंची गौरीफंटा कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।