निघासन (लखीमपुर खीरी)। रकेहटी गांव में खेत से वापस आ रहे पीडब्ल्यूडी के से सेवानिवृत्त बेेलदार को एक बाइक सवार ने टक्कर मार दी, घायल बुजुर्ग को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया था, जहां शनिवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
क्षेत्र के गांव रकेहटी निवासी 65 वर्षीय इतवारी शुक्रवार की शाम को खेत देखने गए थे, जहां से वह अंधेरा होने के बाद पैदल ही अपने घर के लिए जा रहे थे। धवई पुरवा मोड़ के पास पीछे से आ रहे एक बाइक पर सवार दो युवकों ने उनको टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें सीएचसी में भर्ती कराया गया। हालत खराब होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया। शनिवार सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। प्रभारी निरीक्षक दिलेश कुमार ने बताया कि युवकों को हिरासत में ले लिया गया है।
हादसे में घायल ग्रामीण की अस्पताल में मौत
लखीमपुर खीरी। सड़क हादसे में शुक्रवार को घायल हुए थाना निघासन के ग्रामीण की जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिवार वालों को सौंप दिया है। पोस्टमार्टम हाउस पर परिवार वालों ने बताया कि गांव रकेहटी निवासी इतवारी लाल (65) शुक्रवार की दोपहर बाद अपना खेत देखने जा रहे थे। इसी बीच बाइक चालक ने टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गए। घायल इतवारी लाल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां कुछ देर चले उपचार के बाद उनकी मौत हो गई। शनिवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिवार वालों को सौंप दिया है। संवाद
गोला में कार की चपेट में आकर ठेली चालक और साइकिल सवार जख्मी
गोला गोकर्णनाथ। मिल डायवर्जन रोड पर शनिवार की सुबह एक अनियंत्रित कार ने सामने से आ रहे एक साइकिल सवार और बिल्डिंग मैटेरियल से भरी ठेली में टक्कर मार दी। जिसमें दोनों के चालक जख्मी हो गए। घायलों को सीएचसी में भर्ती करवाया गया है।
शनिवार की सुबह कुम्हारन टोला निवासी 31 वर्षीय संजय कुमार कोटे की दुकान से राशन लेकर साइकिल से घर जा रहे थे। पीछे से लाल्हापुर गांव निवासी 35 वर्षीय दीपू कश्यप ठेली में निर्माण सामग्री लेकर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही एक अनियंत्रित कार ने साइकिल सवार और ठेलिया में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे ठेलिया और साइकिल के परखचे उड़ गए। वहीं दीपू कश्यप और संजय कुमार गंभीर घायल हो गए, जिन्हें सीएचसी में भर्ती कराया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चालक और उसके साथी को हिरासत में लेकर कार को अपने कब्जे में ले लिया। प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार पांडे ने बताया कि दो युवकों को कार समेत कब्जे में लिया गया है। तहरीर मिली है, कार्रवाई की जाएगी। संवाद
गोला में बाउंड्री तोड़कर कॉलेज में घुसी अनियंत्रित ट्रैक्टर ट्रॉली
गोला गोकर्णनाथ। लखीमपुर रोड पर गन्ना भरी ट्रैक्टर ट्रॉली अनियंत्रित होकर पब्लिक इंटर कॉलेज की बाउंड्री तोड़ते हुए अंदर घुस गई। इस दौरान बाउंड्री गेट पर खड़ा माली बाल-बाल बच गया।
हैदराबाद थाना क्षेत्र के ग्राम बांसगांव निवासी जितेंद्र शुक्ला की गन्ना भरी ट्रैक्टर ट्रॉली उनका चालक रोमित बजाज चीनी मिल लेकर जा रहा था। लखीमपुर रोड पर पब्लिक कॉलेज के सामने ट्रैक्टर असंतुलित होकर बाईं तरफ मुड़ गया, और कॉलेज की बाउंड्री तोड़ता हुआ अंदर घुस गया। इस दौरान बाउंड्री पर खड़ा माली बाल बाल बच गया। राहगीरों ने पुलिस को सूचना देकर ट्रैक्टर और गन्ना भरी ट्राली को किसी तरह मशक्कत कर कॉलेज के अंदर से निकलवाया। कॉलेज के प्रबंधक विजय कुमार माहेश्वरी ने बताया कि ट्रैक्टर मालिक ने बाउंड्री के नुकसान की भरपाई का आश्वासन दिया है, जिससे पुलिस में तहरीर नहीं दी गई है। संवाद
ओवरलोड गन्ना भरी ट्रॉली पलटी, बाल-बाल बचे लोग
पलियाकलां। संपूर्णानगर रोड पर एक गन्ने से भरी ओवरलोड ट्रॉली पलट गई। गनीमत रही कि उसकी चपेट में कोई नहीं आया, जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया।
ट्रैक्टर में डबल ट्रॉली जोड़कर गन्ना ले जाना प्रतिबंधित है, लेकिन इसके बाद भी इलाके में दो ट्रॉलियों को जोड़कर सेंटरों से चीनी मिल में गन्ना ढोया जा रहा है। शनिवार को दो ट्रॉली जोड़कर जा रहे ट्रैक्टर के बीच वाली ट्रॉली अनियंत्रित होकर संपूर्णानगर रोड पर एक दुकान के सामने पलट गई। गनीमत रही कि दुकान के बाहर कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। दुकानदारों ने बताया कि लखीमपुर से दुधवा तक रोड का निर्माण कराया गया है लेकिन रोड किनारे पटरी न होने से ढलान बन गया है, जिससे आएदिन वाहन रोड से उतर जाते हैं और हादसे का शिकार होते हैं। उन्होंने लोक निर्माण विभाग से रोड के दोनों तरफ पटरी बनवाए जाने की मांग की है।
ट्रक से गिरने लगा गन्ना, बाल-बाल बचे लोग
मझगईं। शनिवार को पलिया चीनी मिल जा रहे ओवरलोड गन्ना से भरे ट्रक की छल्ली फटने से सड़क पर गंदे की फांदियां गिरने लगीं, जिससे राहगीर दहशत में आ गए और उन्होंने भागकर अपनी जान बचाई।
तीन दिन पहले ही नौगवां के पास हाईवे पर एक महिला के साथ उसके मासूम बच्चे की गन्ना भरे ओवरलोड ट्रक से कुचलकर दर्दनाक मौत हो चुकी है। बावजूद इसके प्रशासन गन्ना भरे ओवरलोड वाहनों पर कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है। संवाद