लखीमपुर खीरी। शुक्रवार की शाम थाना निघासन क्षेत्र में ट्रक की टक्कर से साइकिल से जा रहे दो किशोर घायल हो गए। दोनों को लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई, जबकि मितौली क्षेत्र मे चालक बाइक समेत ट्रक में पीछे से जा घुसा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने तीनों शव पोस्टमार्टम को भेजे हैं।
हादसा: एक
निघासन कोतवाली क्षेत्र के गांव दुलही के मजरा बढ़हिन पुरवा निवासी शत्रोहन ने बताया कि शुक्रवार की शाम उसका 16 वर्षीय बेटा पंकज कश्यप, अपने साथी गांव के ही विष्णु शर्मा के 15 वर्षीय पुत्र प्रेमपति शर्मा के साथ खेत की रखवाली करने गए थे। देर शाम दोनों एक ही साइकिल से घर वापस आ रहे थे। रात नौ बजे ढखेरवा से लखीमपुर की ओर जा रही ट्रक ने शारदानगर मार्ग पर स्थित एक पेट्रोलपंप के पास साइकिल में टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल लाए, जहां से डॉक्टर ने हालत गंभीर होने पर दोनों को लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। लखनऊ में कुछ घंटे चले इलाज के बाद दोनों की मौत हो गई। इधर ग्रामीणों की सूचना पर शारदानगर चौकी पुलिस ने भाग रहे ट्रक को रुकवा कर अपने कब्जे में ले लिया। दो किशोरों की मौत से परिवार में चीख पुकार मची है। पंकज चार भाइयों में तीसरे नंबर और प्रेमपति दो भाइयों में सबसे छोटा था। गांव में दो मौत हो जाने से किसी के घर में चूल्हा नहीं जला। प्रभारी निरीक्षक भानु प्रताप सिंह ने बताया कि ट्रक को शारदा नगर चौकी से निघासन लाया जाएगा। मामले की तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
हादसा: दो
भीखमपुर शुक्रवार रात नौ बजे हैदराबाद थाना क्षेत्र के ग्राम ढकिया निवासी कामता प्रसाद का 29 वर्षीय पुत्र उमेश बाइक से बिना हेलमेट लगाए अपनी ससुराल मितौली थाना क्षेत्र के रजुआपुर गांव में रामगोपाल के घर जा रहा था। कस्ता-भीखमपुर मार्ग पर बन रही पेट्रोल टंकी के लिए ट्रक की गिट्टी मजदूरों द्वारा उतारी जा रही थी। पीछे से आ रहा उमेश बाइक समेत ट्रक में घुस गया, जिससे पर वह गंभीर घायल हो गया। बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से उसे सीएचसी भेज दिया। जहां डॉक्टर ने उमेश को मृत घोषित कर दिया। घटना से घबराए ट्रक चालक और गिट्टी उतार रहे मजदूर मौके से भाग गए। मौत की खबर सुनकर परिजन और ससुराली मौके पर पहुंच गए। उमेश की शादी ढकिया गांव से दो किमी दूर सात साल पहले रजुआपुर गांव में रामगोपाल की पुत्री चहेती देवी से हुई थी, जिसके दो पुत्री काजल छह और शालिनी चार साल की है और एक वर्षीय पुत्र जीवन है, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। एसओ अनिल कुमार सैनी ने बताया कि सड़क पर खड़ी ट्रक में पीछे से बाइक घुसी है। परिजनों की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों का कहना है कि शुक्रवार को दिन भर बारिश होने से पेट्रोल पंप की गिट्टी आधी सड़क पर पड़ी रही। ट्रक रोड पर डिवाइडर के बाहर दूसरी ओर तक खड़ा था। जिससे पीछे से आने वाले वाहनों को निकलने में दिक्कत हो रही थीं। ट्रक ड्राइवर अगर ट्रक उतारकर नीचे खड़ा कर लेता तो रास्ता बंद नहीं होता।