सिकंद्राबाद। नीमगांव-भदूरा मार्ग पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक चला रहे इंजन मिस्त्री की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही उसके परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिवार वालों को सौंप दिया है।
थाना नीमगांव क्षेत्र के गांव मांझानगर (किशुनपुर) निवासी रामप्रकाश (55) पंपिंग सेट मिस्त्री थे। मंगलवार को बिना हेलमेट लगाए वह बाइक से जा रहे थे। नीमगांव-भदूरा मार्ग पर गांव लखनियापुर के निकट अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची यूपी 112 पुलिस ने वाहन की तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चला। पुलिस ने हादसे की सूचना मृतक के घर वालों को दी। सूचना पर परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए। प्रभारी निरीक्षक राजकुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम कराकर शव घर वालों को सौंप दिया गया है। अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।