गोला गोकर्णनाथ (लखीमपुर खीरी)। हैदराबाद थाना क्षेत्र के गांव जड़ौरा में तालाब में खड़ा एक यूकेलिप्टिस का पेड़ काटते समय अचानक बिजली के तारों में उलझता हुआ गिर गया। जिससे बिजली का खंभा टूट गया। खंभे और पेड़ की चपेट में आकर गांव निवासी एक मासूम बच्चे (चार वर्षीय) की मौत हो गई, वहीं एक ग्रामीण घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी लेकर मासूम के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव का ही एक व्यक्ति तालाब में खड़े यूकेलिप्टिस के पेड़ को कटवा रहा था तभी सुरेश कुमार का पुत्र कार्तिक (चार वर्षीय) घर से दुकान पर चीज लेने जा रहा था। इसी दौरान पेड़ बिजली के तारों पर गिर गया और खंभा टूटने के साथ पेड़ जमीन पर आ गिरा, जिसकी चपेट में उसका पुत्र कार्तिक आ गया। वहीं दूसरी ओर गांव के ही निवासी 45 वर्षीय माधौराम खेत से घर जा रहे थे। वह भी पेड़ और खंभे की चपेट में आकर घायल हो गए। परिवार वाले और ग्रामीण कार्तिक व माधौराम को लेकर सीएचसी आए, जहां डॉक्टरों ने कार्तिक को मृत घोषित कर दिया। वहीं माधौराम का इलाज चल रहा है। मासूम की मौत से परिवार वालों में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पहुंचे एसआई शरद यादव ने शव का पंचनामा कर हैदराबाद पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।