उचौलिया (लखीमपुर खीरी)। गांव मोहदियापुर स्थित एक घर में रविवार देर रात लगी आग की चपेट में आकर पिता-पुत्र और दामाद झुलस गए। परिजन उन्हे लेकर जिला अस्पताल शाहजहांपुर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने दामाद की हालत गंभीर होने पर लखनऊ रेफर कर दिया।
मोहदियापुर निवासी दिनेश गुप्ता का दामाद विनीत (25) निवासी पैढ़ापुर थाना सुरसा जिला हरदोई, रविवार को ससुराल में आया था। परिजन के मुताबिक रविवार देर रात सभी लोग खा पीकर सो गए, इसी दौरान अचानक घर में आग लग गई। आग की लपटे देख परिजन के होश उड़ गए। आनन फानन में ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया। इस दौरान आग की चपेट में आकर दिनेश गुप्ता, बेटा संजय और दामाद विनीत भी झुलस गया। परिजन आनन फानन में उन्हे तत्काल जिला अस्पताल शाहजहांपुर ले गए। डॉक्टर ने तीनों का प्राथमिक उपचार कर पिता पुत्र को भर्ती कर लिया लेकिन दामाद विनीत के हालत गंभीर होने पर उसे लखनऊ रेफर कर दिया। परिजन ने बताया कि विनीत की शादी एक साल पहले हुई थी। आग से तीन बाइक अन्य घरेलू सामान भी जलकर राख हो गया।