पलियाकलां (लखीमपुर खीरी)। पलिया-भीरा मार्ग पर प्रेमनगर झाले के पास रविवार देर शाम दो कारों की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिसमें पलिया नगर व्यापार मंडल के अध्यक्ष अनूप मिश्रा के बेटे शुभम की मौत हो गई और दूसरी कार में बैठे स्कूल के प्रधानाचार्य सहित पांच लोग घायल हो गए। घटना की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से सभी को सीएचसी लाया गया, जहां डॉक्टर ने एक व्यापारी नेता के बेटे को मृत घोषित कर दिया। हालत गंभीर देख डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद पांचों घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रविवार की देर शाम पलिया के व्यापारी राजेश अग्रवाल का पुत्र मयंक अपनी कार से साथियों शुभम मिश्रा (28) पुत्र अनूप मिश्रा, रोहित अग्रवाल पुत्र गिरवर अग्रवाल, विक्की अरोड़ा पुत्र गुलशन अरोड़ा के साथ भीरा की ओर से पलिया आ रहे थे। इधर, पलिया की ओर से दूसरी कार में नगर के द इंडियन एकेडमी स्कूल के प्रधानाचार्य जार्ज जी जॉन और इसी स्कूल के पीटीआई हरजिंदर सिंह भीरा की ओर जा रहे थे। शारदा पुल से काफी पहले प्रेमनगर के पास दोनों कारों की आमने-सामने टक्कर हो गई। दोनों कार में सवार छह लोग घटना के बाद बाहर जा गिरे। इसमें उनको गंभीर चोटें आईं हैं। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस की मदद से उनको लेकर सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इस दौरान शुभम मिश्रा की मौत हो गई। मृतक शुभम के पिता अनूप मिश्रा, माता सुधा मिश्रा, पत्नी रश्मिी मिश्रा का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी पर सीएचसी में व्यापारियों की भीड़ लग गई।
सड़क हादसे में शुभम मिश्रा की मौत हो गई। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया।
-भानू प्रताप सिंह, प्रभारी निरीक्षक, पलियाकलां
मृतक शुभम की फाइल फोटो।- फोटो : LAKHIMPUR