मैगलगंज। खेत में निराई करते समय ऊपर से गुजरा हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर अचानक किसान पर गिर गया, जिससे उसकी झुलसकर मौत हो गई।
थाना मैगलगंज के गांव पकरिया निवासी मुनेंद्र (24) पुत्र प्रताप शनिवार की सुबह 10 बजे धान की पौध लगे अपने खेत में निराई कर रहा था। इसी बीच खेत के ऊपर से गुजरी हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर उसकी पीठ पर गिर गया। करंट प्रवाहित तार होने के कारण मुनेंद्र गंभीर रूप से झुलस गया। चीखपुकार होने पर आसपास के खेतों में काम कर रहे लोग मौके पर पहुंच गए। लोग जब तक किसी तरह बांस से तार को हटा पाते इससे पहले ही मुनेंद्र की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए। शव देख पत्नी दहाड़े मारकर रोने लगी। परिवार वालों की सूचना पर मैगलगंज पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक मुनेंद्र की शादी पांच साल पहले हुई थी। उसके एक तीन साल और एक तीन माह की बेटी है।
बिजुआ की 30 घंटे बाद शुरू हुई बिजली की सप्लाई
बिजुआ गुरुवार को बस्ती में एक मकान बनाते समय एचटी लाइन के संपर्क में आने से राजगीर की मौत के मामले में गुस्साए मोहल्ले वालों ने तार जोड़ने से बिजली कर्मियों को रोक दिया। ऐसे में 30 घंटे तक पूरी बस्ती में सप्लाई ठप रही। बाद में प्रधान प्रतिनिधि की मध्यस्थता में जेई और ग्रामीणों के बीच हुई वार्ता के बाद तार जोड़ा गया, जिस पर सप्लाई सुचारू हुई।
बुधवार को बिजुआ निवासी राजगीर सुनीत गुप्ता की भवन निर्माण के दौरान एचटी लाइन के संपर्क में आने से करंट लगने से मौत हो गई थी। मोहल्ले के लोगों ने एचटी लाइन के जर्जर होने से हादसा होने का आरोप लगाते हुए बिजली कर्मियों को तार जोड़ने से रोक दिया था। 30 घंटे तक बिजुआ कस्बे में सप्लाई ठप रही। शुक्रवार को प्रधान प्रतिनिधि अमरीक सिंह बिट्टू की मध्यस्थता में हुई बैठक में जेई उमेश गौतम के तार बदलने के वादे पर दोनो पक्षों में तार जोड़ने पर सहमति हो सकी। गुरुवार को करीब 30 घंटे बाद तार जुड़ने पर बिजुआ कस्बे की बिजली सप्लाई शुरू हो सकी।