खुटार। काम की तलाश में पंजाब जा रहा युवक शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन पर जहरखुरानी गिरोह का शिकार हो गया।
खुटार के मोहल्ला बजरिया निवासी पप्पू ने बताया कि 20 मई को मोहल्ला में ही रहने वाला उनका भांजा आकाश कश्यप मजदूरी करने पंजाब जा रहा था। आकाश शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के इंतजार में बैठा था। इस बीच चार-पांच लोग उसके पास आकर बैठ गए और बातचीत शुरू कर दी।
उन लोगों ने आकाश से नजदीकी बढ़ाकर उसे नशीला पदार्थ मिलाकर मिठाई खिला दी। मिठाई खाने के कुछ देर बाद आकाश बेहोश हो गया। जहरखुरानी गैंग के लोग आकाश का बैग उठाकर चले गए। बैग में कपड़े, पांच हजार रुपये, मोबाइल सहित अन्य सामान था।
आकाश रेलवे स्टेशन पर ही 24 घंटे बेहोशी की हालत में पड़ा रहा। होश आने पर वह बमुश्किल अपने घर पहुंचा। आकाश ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद आकाश अपने मामा पप्पू के साथ बृहस्पतिवार शाम थाने पहुंचा। पप्पू की ओर से तहरीर दी गई। कार्यवाहक थाना प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि घटना शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन की है। फिर भी घटना की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।