धौरहरा/ईसानगर। ईसानगर थाना क्षेत्र के गांव रामलोक गांव निवासी एक युवक बेहोशी की हालत में गांव नगरिया के निकट रास्ते में पड़ा मिला। परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां उसकी मौत हो गई। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
ईसानगर थाना क्षेत्र के गांव रामलोक निवासी मौजीलाल का 28 वर्षीय पुत्र वीरपाल अपने मित्र दर्पण दीक्षित के साथ दिवाली के दिन दोपहर 12 बजे सिसैया मिठाई खरीदने की बात कहकर गया था। शाम सात बजे वह बेहोशी की हालत में इमलिया, नगरिया गांव के बीच सड़क पर पड़ा मिला। सूचना पर पहुंचे परिजन बेहोशी की हालत में उसे जिला अस्पताल ले गए। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
युवक नशे का आदी बताया जाता है। मृतक के पिता मौजीलाल की तहरीर पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक ईसानगर देवेंद्र कुमार गंगवार ने बताया कि मृतक के पिता की सूचना पर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। नशे के चलते मौत की आशंका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मृत्यु का कारण स्पष्ट हो सकेगा।
क्षेत्र में फैला है चिप्पड़ का काला धंधा
धौरहरा। सिसैया चौराहा सहित क्षेत्र के पडोसी गांवों में चिप्पड़ (गांजा) का काला धंधा धड़ल्ले से चल रहा है। इसके चलते क्षेत्र के युवा तेजी से नशे की गिरफ्त में आ रहे हैं। हालांकि पुलिस इन चिप्पड़ कारोबारियों पर कार्रवाई भी करती है, पर यह अवैध धंधा कम होने का नाम नहीं ले रहा। युवक की मौत की वजह भी लोग अधिक चिप्पड़ सेवन ही मान रहे हैं। हालांकि पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।