धौरहरा। कोतवाली क्षेत्र में जमीन के विवाद और भैंस की रस्सी छूटने को लेकर मारपीट के मामले सामने आए हैं। पुलिस ने दोनों मामलों में रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
वनघुसरी मोहल्ले के पठान वार्ड निवासी रहीशा पत्नी साबिर ने बताया कि जमीन को लेकर लखीमपुर न्यायालय में मुकदमा विचाराधीन है। आरोप है कि न्यायालय के स्थगन आदेश के बावजूद विपक्षी कय्यूम, पपलू, सादाब और वसीम ने विवादित जमीन पर ट्रैक्टर, रोटावेटर और कल्टीवेटर डालकर कब्जा कर रखा है। आठ नवंबर की सुबह करीब नौ बजे विपक्षी एकराय होकर उसके घर पहुंचे और उसे व उसकी बहुओं को गाली देते हुए मारपीट की।
दूसरे मामले में लालजीपुरवा निवासी कैलाश कुमार पासी ने बताया कि 11 नवंबर की सुबह वह अपनी भैंस को पानी पिला रहा था। इसी दौरान भैंस की रस्सी हाथ से छूट गई और वह भागने लगी। इस बात पर गांव के रमेश, उसकी पत्नी रामकली और बेटी पक्षी देवी ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे उसके सिर, पीठ और पैर में चोटें आईं। पीड़ित के अनुसार, उसका चिकित्सीय परीक्षण कराया जा चुका है। उसने आरोपियों पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।
सीओ अभिषेक यादव ने बताया कि दोनों मामलों में रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना की जा रही है।