फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lakhimpur Kheri News: खेत में छिपे बाघ ने हमला कर सर्प मित्र युवक को मार डाला

Mon, 16 Nov 2026 11:30 PM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, लखीमपुर खीरी
विज्ञापन
पलिया तहसील के गांव खुशीपुर में बाघ हमले के मौके पर रोते बिलखते परिजन। संवाद
विज्ञापन
पलियाकलां (लखीमपुर खीरी)। ग्राम पटिहन के मजरा खुशीपुरा में सोमवार दोपहर खेत में चारा लेने गए सर्प मित्र रोहित (19) को बाघ ने हमला करके मार डाला। वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए आक्रोशित ग्रामीण खेत के पास में ही शव रखकर धरने पर बैठ गए। रात आठ बजे मौके पर पहुंचे एसडीएम ने समझाकर उन्हें शांत किया। वहीं वन विभाग ने पिंजरा लगाने का आश्वासन दिया।
विज्ञापन


रोहित आसपास के गांवों और रिहायशी इलाकों में निकलने वाले जहरीले सांपों का रेस्क्यू करने वाली रामगोविंद टीम के सदस्य थे। उनके साथी अरुण ने बताया कि दोपहर तीन बजे खेत पर पहुंचे रोहित रास्ते में रुककर बकरियों को देखने लगे। तभी गन्ने के खेत से निकला बाघ उन्हें खींचकर ले गया। बकरी चरा रहे लोगों के बताने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर मौके पर दौड़ पड़े। ग्रामीणों ने एकजुट होकर शोर मचाया और काफी मशक्कत के बाद रोहित को खेत से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
शाम करीब पांच बजे तक वन विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंचने से गुस्साए ग्रामीणों ने रोहित के शव के साथ खेत के पास ही धरना शुरू कर दिया। उन्होंने क्षेत्र में वन्यजीव के हमलों की घटनाओं को लेकर वन विभाग की पर लापरवाही का आरोप लगाया। बाद में पहुंची टीम ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, मगर वे नहीं माने। उनकी मांग पर रात आठ बजे पलिया के एसडीएम पुष्कर तोमर और पुलिस मौके पर पहुंची।
विज्ञापन


-
वर्जन

जिस स्थान पर बाघ का हमला हुआ है, वहां बाघ की पहले कोई गतिविधि नहीं थी। बाघ के मूवमेंट की जानकारी न होने से हमला हुआ है। उसे पकड़ने के लिए जरूरत पड़ने पर पिंजरा भी लगाया जाएगा। ग्रामीणों से अपील है कि वे सतर्कता बरतें। -डॉ. एच राजा मोहन एफडी दुधवा टाइगर रिजर्व

एक साल में दूसरी बार वन्यजीव के हमले से दहला खुशीपुर

पलियाकलां। पटिहन क्षेत्र के खुशीपुर गांव में वन्यजीवों का खतरा नया नहीं है। करीब एक साल पहले 13 नवंबर 2025 को तेंदुए ने आठ वर्षीय टिंकल को हमला कर मार डाला था। अब एक बार फिर वन्यजीव के हमले से गांव में मातम है। लगातार हुई इन घटनाओं ने ग्रामीणों की सुरक्षा और वन विभाग की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
13 नवंबर, 2025 को टिंकल अपने खेत पर काम कर रहे दादा को खाना देने जा रही थी। रास्ते में गन्ने के खेत में छिपे वन्यजीव ने उस पर हमला कर दिया था। शुरुआत में ग्रामीणों ने बाघ के हमले की आशंका जताई थी, लेकिन वन विभाग की जांच और पैरों के निशान के आधार पर हमलावर तेंदुआ निकला था।
कुछ दिन पहले ही किया था जंगली सूअर का शिकार-
ग्रामीणों के मुताबिक, कुछ दिन पहले गांव के पास बाघ ने एक जंगली सूअर का शिकार किया था। वह कई दिनों तक वहीं रहा। इसकी सूचना वन विभाग को दी गई तो टीम ने गश्त बढ़ा दी थी। ग्रामीणों का कहना है कि गश्त के दबाव में बाघ वहां से चला गया था। इसके बाद वन विभाग की टीम भी लौट गई। अब दोबारा हुई घटना के बाद क्षेत्र में वन्यजीवों की निगरानी और सुरक्षा इंतजामों को लेकर चिंता बढ़ गई है।

परिवार का सहारा था घर का सबसे छोटा बेटा
पलियाकलां। रोहित परिवार का सबसे छोटा बेटा था और मेहनत-मजदूरी कर घर की जिम्मेदारियों में हाथ बंटाता था। पिता राजकुमार के चार बेटे हैं। इनमें सबसे बड़ा श्रीराम है, जबकि किशन और सतीश भी रोहित के बड़े भाई हैं। परिवार में दो बेटियां भी हैं, जिनमें एक की शादी हो चुकी है। सभी भाई-बहन और माता-पिता एक साथ रहते हैं। रोहित की मौत से परिवार ने अपना सहारा खो दिया है। संवाद
-
सांपों का रेस्क्यू कर बचाता था लोगों की जान

पलियाकलां। रोहित रामगोविंद टीम का सक्रिय सदस्य था। वह आसपास के गांवों और रिहायशी इलाकों में निकलने वाले जहरीले सांपों का रेस्क्यू कर उन्हें सुरक्षित प्राकृतिक स्थानों पर छोड़ता था। लोगों को सांपों से बचाने के साथ वन्यजीव संरक्षण में भी उसकी सक्रिय भूमिका थी। अपनी जान जोखिम में डालकर दूसरों की मदद करने वाले रोहित की मौत से टीम के सदस्यों और स्थानीय लोगों में शोक है। लोगों ने उसे श्रद्धांजलि अर्पित की। संवाद

पलिया तहसील के गांव खुशीपुर में बाघ हमले के मौके पर रोते बिलखते परिजन। संवाद

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें