मैलानी(लखीमपुर खीरी)। मैलानी रेंज के नारंग खुड्डी गांव में सोमवार की रात आबादी के बीच स्थित एक घर में घुसकर तेंदुआ एक बुजुर्ग महिला पर हमला कर घर से बाहर खींच ले गया। ग्रामीणों के शोरगुल और पीछा करने पर तेंदुआ महिला को घायल हालत में छोड़कर जंगल की तरफ भाग गया। घर से थोड़ी दूरी पर तेंदुए के पैरों के निशान भी वनकर्मियों को मिले हैं।
ग्राम पंचायत सलावतनगर के ग्राम नारंग खुड्डी निवासी सूरज ने बताया कि रात लगभग एक बजे मां कौशल्या देवी (60) आंगन में बने शौचालय में लघुशंका करने के बाद पास में स्थित हैंडपंप से हाथ धो रही थीं। इसी दरम्यान अचानक तेंदुए ने उनपर हमला कर उन्हें मुंह में दबोचकर घर के बाहर भागा।
मां के कराहने की आवाज सुनकर वह और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, तो तेंदुआ मां को मुंह में दबाए हुए जा रहा था। ग्रामीणों ने शाेरगुल करते हुए पीछा किया, तो तेंदुआ कौशल्या को घर से कुछ दूरी पर छोड़कर भाग गया। हमले में कौशल्या के मुंह में गंभीर चोट आई। सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस ने एंबुलेंस से कौशल्या को जिला चिकित्सालय भेजा। जहां उनका इलाज चल रहा है।
मैलानी रेंजर सुरेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि परिजनों को सहायता के रूप में पांच हजार रुपये दिए गए हैं। घटनास्थल से थोड़ी दूरी पर तेंदुए के पैरों के निशान मिले हैं। एहतियातन तेंदुए की निगरानी के लिए वन दरोगा कामता प्रसाद वर्मा के नेतृत्व में टीम गठित कर रात के समय तेंदुए की निगरानी के साथ ही ग्रामीणों को सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
जुलाई में भी नारंग में दो युवकों पर तेंदुए ने किया था हमला
जंगल से निकले एक तेंदुए ने 13 जुलाई को सुबह करीब छह बजे जंगल किनारे स्थित खीरे के खेतों की रखवाली कर रहे दो युवकों पर हमला कर घायल कर दिया था। इसके बाद से उस तेंदुए का कोई पता नहीं चला था। अब तीन माह बाद फिर तेंदुए ने नारंग खुड्डी में घर में घुसकर महिला पर हमला कर घायल कर दिया। इससे ग्रामीणों में दहशत है।
कस्बे से थोड़ी दूरी पर है नारंग खुड्डी
तेंदुए ने नारंग खुड्डी में जहां घर में घुसकर महिला पर हमला किया है, वहां पर अच्छी खासी आबादी है। थोड़ी दूरी पर ही रेल लाइन, रेलवे कॉलोनी और कस्बे की आबादी है। लिहाजा तेंदुए ने आबादी में घुसकर महिला पर हमला किया है। ऐसे में रेलवे कॉलोनी और कस्बावासियों के लिए भी तेंदुए का खतरा बना हुआ है।