पसगवां। जंगबहादुरगंज में बृहस्पतिवार की सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकलीं महिलाएं डीसीएम की चपेट में आ गईं। इससे एक वर्षीय मासूम बालिका की मौत हो गई। दो बहनों सहित तीन महिलाएं घायल हो गईं। दोनों घायल बहनों को शाहजहांपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया।
बाइपास से सटे गांव बरखेरिया जाट निवासी अशफाक की 40 वर्षीय पत्नी शाहीन अपनी बेटियों चांदनी, आलमीन और रोशनी तथा बहू तबस्सुम के साथ बृहस्पतिवार को मॉर्निंग वाॅक के लिए बाइपास पर जसमढ़ी मार्ग के करीब गईं थीं। घर लौटते समय सीतापुर से शाहजहांपुर की ओर जा रही केला भरी डीसीएम ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में मां तबस्सुम की गोद में एक वर्षीय बच्ची अदीबा और मां तबस्सुम (25) पत्नी नौशाद, अशफाक की पुत्री चांदनी(19) और आलमीन (12) घायल हो गईं।
सूचना मिलने पर जेबीगंज पुलिस और ग्रामीण भी पहुंच गए। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पसगवां भेजा गया। जहां बच्ची अदीबा को मृत घोषित कर दिया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चांदनी और आलमीन को गंभीर हालत में शाहजहांपुर रेफर कर दिया गया। प्रधान प्रतिनिधि सुरेश गुप्ता घायलों को लेकर शाहजहांपुर गए और उन्हें भर्ती कराया। तबस्सुम सीएचसी में भर्ती है। कोई भी पुलिसकर्मी सीएचसी तक साथ में नहीं गया और न ही वहां पहुंचा।
नीलगाय से टकराकर बाइक सवार की मौत
ममरी। गांव महेशपुर निवासी स्वर्गीय रामकुमार के 19 वर्षीय पुत्र हरिओम की बाइक नील गाय से टकरा गई। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
बृहस्पतिवार को मृतक का शव और बाइक मुल्लापुर तिराहे पर पुलिया के पास पड़ी मिली। पुलिस ने शव पोस्टमाॅर्टम के लिए भेज दिया है। इकलौते बेटे की दुर्घटना में हुई अचानक मौत से उसकी मां का रो-रो कर बुरा हाल हो रहा है। संवाद