लखीमपुर खीरी। परिषदीय विद्यालयों में नामांकन बढ़ाने व विद्यार्थियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने की कवायद चल रही है। इस कड़ी में लगातार तीन दिनों तक विद्यार्थी के अनुपस्थित रहने पर बुलावा टोली को उनके घर भेजा जाएगा। यदि 30 दिनों तक विद्यार्थी अनुपस्थित रहता है, तो उसको ड्रॉप आउट माना जाएगा।
जिले के 3,106 परिषदीय विद्यालयों में साढ़े चार लाख से अधिक विद्यार्थी पंजीकृत हैं। नवीन सत्र में दाखिला प्रतिशत बढ़ाने की कोशिश की जा रही है। साथ ही बिना सूचना के अनुपस्थित विद्यार्थियों की निगरानी भी की जाएगी।
बीएसए प्रवीण कुमार तिवारी ने बताया कि लगातार तीन दिनों तक विद्यार्थी की अनुपस्थिति दर्ज होने पर उसकी जांच करने के लिए शिक्षक जिम्मेदार होंगे। शिक्षक विद्यार्थी के घर जाकर अभिभावकों की काउंसलिंग करके उनको जागरूक करेंगे। बच्चे को रोज विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित करेंगे। उन्होंने कहा, शासनादेश है कि यदि कोई विद्यार्थी नौ माह 21 दिनों तक अनुपस्थित रहता है, तो इसकी जांच की जाएगी।