मां पूर्णागिरि के दर्शन के बाद नैमिषारण्य जा रहे थे सभी
मां पूर्णागिरि के दर्शन के बाद गोला के पौराणिक शिव मंदिर में दर्शन करके तीर्थयात्री प्राइवेट पर्यटन बस से नैमिषारण्य के लिए जा रहे थे। तीर्थयात्रियों से भरी यह बस महेशपुर के दक्षिण कठिना नदी के पुल के पास 30 फुट गहरी खंदक में रोड के नीचे पलट गई। जिससे उसमें सवार पांच यात्री गंभीर घायल हो गए। घायलों को 108 एंबुलेंस से गोला सीएचसी ले जाया गया है।
बुधवार सवेरे गोला मोहम्मदी मार्ग पर स्थित कठिना नदी के पुल के समीप गोला के शिव मंदिर से नैमिषारण्य जा रही तीर्थ यात्रियों से भरी बस यूपी 70ईटी/ 2179 पुल के दक्षिण में 30 फुट गहरी खंदक में पलट गई। हालत यह थी कि बस के अगले दोनों पहिए टूट गए। इस हादसे मे बस में सवार पांच यात्री गंभीर घायल हो गए। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची रेहरिया चौकी पुलिस ने घायलों को 108 एंबुलेंस से गोला सीएचसी पहुंचाया। एसओ हैदराबाद प्रमोद कुमार मिश्र ने घटना रेहरिया चौकी क्षेत्र की बताकर अपना पल्ला झाड़ लिया जबकि रेहरिया चौकी प्रभारी पारसनाथ यादव लखनऊ गए हैं। खबर लिखे जाने तक बस खंदक में पड़ी थी, जबकि चालक और क्लीनर का पता नहीं चल पाया था।
इलाज कराने के बाद घायलों को चौकी भेजवाया
गोला गोकर्णनाथ। हादसे की जानकारी पाकर भाजपा नेता शिव कुमार वाजपेयी पिंटू, संजय लाला, अवनीश मिश्र के साथ पहुंचे। उन्होंने घायलों का अपने सामने इलाज कराकर डॉ कमलेश से जानकारी ली और किराए की मैजिक से सभी घायलों को रेहरिया पुलिस चौकी भेजवाया।
ये हुए घायल
मोहम्मदी रोड पर कठिना नदी के पास हुए हादसे में थाना बेनीगंज हरदोई की उमासिंह (70), जखबा हरदोई निवासी विमला देवी (47), धर्मेंद्र सिंह (35), मानवेंद्र सिंह (23) और मोहम्मदाबाद हरदोई के संतोष कुमार (62) गंभीर घायल हो गए। घायलों को सीएचसी लेकर आए तीर्थयात्री विजय कुमार सिंह ने बताया कि बस थाना अतरौली हरदोई से तीर्थ यात्रियों को लेकर मां पूर्णागिरि के दर्शन के लिए रवाना हुई थी। वहां से सुबह गोला में भगवान शिव के दर्शन करके वे लोग नैमिषारण्य जा रहे थे। बस में लगभग 60 तीर्थयात्री सवार थे। उन्होंने हादसे का कारण बस का पट्टा टूटने के साथ स्टेयरिंग फेल होना बताया। वह बताते हैं कि भगवान शिव की कृपा से सभी बाल बाल बच गए हैं।