बांकेगंज। महेशपुर वन रेंज के गोला-सिकंदराबाद मार्ग पर ट्रक में अवैध रूप से भरी 172 बोटा खैर की लकड़ी पकड़े जाने के बाद वन विभाग ने धौरहरा रेंज की जंगल मटेरा बीट में कॉम्बिंग कराने का निर्णय लिया है। दुधवा टाइगर रिजर्व बफरजोन की डीएफओ कीर्ति चौधरी ने एसडीओ के नेतृत्व में 15 सदस्यीय जांच टीम गठित कर छानबीन के निर्देश दिए हैं।
डीएफओ कीर्ति चौधरी ने बताया कि महेशपुर वन रेंज में पकड़ी गई खैर लकड़ी के मामले को टाइगर रिजर्व प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। कटान का स्रोत पता लगाने के लिए धौरहरा रेंज की जंगल मटेरा बीट में कॉम्बिंग कराई जाएगी।
उप प्रभागीय वनाधिकारी मनोज तिवारी के नेतृत्व में गठित 15 सदस्यीय टीम में पलिया रेंजर विनय कुमार, उत्तर निघासन रेंजर भूपेंद्र सिंह, दक्षिण निघासन रेंजर मोबीन आरिफ, भीरा रेंजर रमाकांत सक्सेना, पथ वृक्षारोपण रेंजर मोहन कुमार बहुखंडी, एक डिप्टी रेंजर तथा चार-चार वन दरोगा और वन रक्षक शामिल हैं।
टीम यह पता लगाएगी कि पकड़ी गई खैर की लकड़ी का कटान कहां हुआ। कटान में संलिप्तता मिलने पर संबंधित वनाधिकारी और वनकर्मियों पर कार्रवाई की जाएगी।