कांवड़ियों का उमड़ने लगा सैलाब
गोला गोकर्णनाथ। नगर के ऐतिहासिक शिव मंदिर के गोकर्ण तीर्थ की साफ-सफाई कर जल भर दिया गया है जिसमें मेलार्थी और श्रद्धालु स्नानादि करने लगे हैं।
नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष मीनाक्षी अग्रवाल ने बताया कि शिव मंदिर स्थित गोकर्ण तीर्थ आकर्षण का केंद्र है। जिसमें भरा जल श्रद्धालुओं को बरबस अपनी ओर आकर्षित करता है। तीर्थ की साफ सफाई कराकर पंपसेट से जल भरवा दिया गया है।
उधर, ऐतिहासिक चैती मेला के करीब आते ही श्रद्धालु पतित पावनी गंगा जी से जल भरकर नगर के पौराणिक शिव मंदिर में जलाभिषेक के लिए आने लगे हैं। जिससे सड़कों पर कांवड़ियों का हुजूम उमड़ने लगा है। हर तरफ जयकारे गूंज रहे हैं।
चैती मेले की शुरुआत अमावस्या से होनी है, लेकिन सड़कों पर श्रद्धा का सैलाब इससे पहले ही देखने को मिलने लगा है। कंधों पर आकर्षक कांवड़ रखे कांवरियों के जत्थे हर-हर महदेव का जयघोष करते निकल रहे हैं। अहमदनगर के क्लेशहरण मंदिर से लेकर नगर तक सड़कों का वातावरण शिवमय हो रहा है।