तिलकपुर गांव में बिक रही कच्ची शराब पकड़कर पुलिस को सूचना दी
अमर उजाला ब्यूरो
बांकेगंज। गांव में अरसे से खुलेआम बिक रही कच्ची शराब को लेकर महिलाओं के सब्र का बांध आखिरकार टूट ही गया। इससे तंग पचास फीसदी से ज्यादा गृहणियों ने शनिवार की इसके खिलाफ मोर्चा खोला। उन्होंने गांव में खुलेआम कच्ची शराब बिक्री कर रहे युवक के घर पुलिसिया अंदाज में छापा मारा। साथ ही 15 बोतल शराब बरामद कर पुलिस को सूचना दी।
ग्राम तिलकपुर में अरसे से खुलेआम बिक रही कच्ची शराब को लेकर महिलाएं भड़क उठीं। इसको लेकर शराबी हो रहे पतियों और बच्चों से परेशान महिलाओं ने आपस में मंत्रणा कर इसके खिलाफ मोर्चा खोल दिया। शनिवार रात दस बजे के लगभग गांव की अनेक महिलाओं ने हाथों में लाठी-डंडे उठा लिए। उन्होंने गांव में कच्ची शराब बेच रहे युवक के घर छापा मारा। महिलाओं को देखते ही युवक वहां से फरार हो गया। महिलाओं ने वहां मिली 15 बोतल शराब को कब्जे में लेकर स्थानीय पुलिस को सूचना भेजी। इस अभियान में नीलम देवी, मीरा देवी, जमुना देवी, प्रेमा देवी, महराजा देवी, मिथलेश, पुष्पा, रामरती, रामश्री आदि शामिल हुईं। पुलिस चौकी इंचार्ज संत कुमार दुबे ने बताया कि गांव तिलकपुर की जागरूक महिलाओं ने उन्हें सूचना दी है। आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर कार्रवाई की जाएगी।