लखीमपुर-मैगलगंज रोड पर जाम लगाया
कॉलेज में रखे कंप्यूटर और फर्नीचर तोड़ा
पुलिस ने हल्का लाठीचार्ज कर खदेड़ा
अमर उजाला ब्यूरो
मैगलगंज/मितौली (लखीमपुर खीरी)। फत्तेपुर स्थित बाबू रामेश्वर दयाल कॉलेज में प्रवेश पत्र न दिए जाने से भड़के विद्यार्थियों ने सोमवार को जमकर बवाल किया। गुस्साए विद्यार्थियों ने लखीमपुर-मैगलगंज रोड जाम कर दिया, विद्यालय में घुसकर तोड़फोड़ की और गाड़ियों के शीशे तोड़ डाले। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब आंदोलनकारियों को खदेड़ने के लिए हल्का लाठीचार्ज किया तो जवाब में विद्यार्थियों ने पथराव कर दिया।
स्नातक कक्षाओं के विद्यार्थी सोमवार को प्रवेश-पत्र लेने कॉलेज पहुंचे थे। यहां उन्हें पता चला कि उनके प्रवेश पत्र नहीं आए हैं तो वे भड़क गए। रोड जाम के दौरान विद्यार्थियों ने रास्ते से गुजर रहे कस्ता विधायक सुनील कुमार भार्गव का घेराव कर उनसे प्रवेशपत्र दिलाने की मांग की। विधायक ने मामले में डीएम से वार्ता की लेकिन विद्यार्थी कॉलेज के प्रबंधतंत्र पर मुकदमा दर्ज कराने की जिद पर अड़ गए। स्थानीय पुलिस के इसके लिए तैयार नहीं होने पर विद्यार्थी कॉलेज पहुंच गए और प्राचार्य कक्ष सहित अन्य कमरों में रखे कंप्यूटर, कुर्सी, मेज और मैजिक गाड़ी को तोड़ दिया।
बवाल को देखते हुए मौके पर मितौली, मैगलगंज सहित कई थानों की पुलिस बुला ली गई। पुलिस ने शुरू में विद्यार्थियों को समझाने का काफी प्रयास किया लेकिन नहीं मानने पर पुलिस ने उन पर हल्का लाठीचार्ज कर दिया। जवाब में विद्यार्थियों ने पथराव किया। एएसपी बालेंदु भूषण सिंह के मौका-मुआयना के बाद बवाल करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की तैयारी की जा रही है।