चार के खिलाफ रिपोर्ट, एक हिरासत में
निघासन। क्षेत्र के गांव बरोठा में रास्ते में उठी दीवार तोड़ने को लेकर उपजे विवाद में दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले। दोनों पक्षों के चार लोग घायल हो गए। पुलिस ने एक पक्ष की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर एक आरोपी को हिरासत में लिया है।
क्षेत्र के गांव बरोठा निवासी ओमप्रकाश और स्वामी दयाल का रास्ते में दीवार खड़ी करने को लेकर विवाद था। इस मामले में एसओ और झंडी पुलिस ने समझौता करा दिया था। आरोप है कि इसके बाद भी एक पक्ष ने बृहस्पतिवार रात दीवार तोड़ दी, जिसको लेकर दोनो पक्ष आपस में भिड़ गए। स्वामी दयाल तथा उनकी पत्नी गायत्री और बाबूराम के गंभीर चोटें आईं। दूसरे पक्ष के ओमप्रकाश भी घायल हो गए। ओमप्रकाश, स्वामी दयाल, गायत्री की हालत खराब होने पर लखीमपुर रेफर किया गया है। पुलिस ने बाबूराम की तहरीर पर रामचंद्र, ओमप्रकाश, अरविंद, रामनरेश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। रामनरेश को पुलिस ने हिरासत में लिया है।