एसपी ने दिया कार्रवाई का भरोसा
लखीमपुर खीरी। ईसानगर थाना क्षेत्र के गांव खमरिया में गुरुवार की रात एक घर का ताला तोड़कर हजारों रुपये व जेवर लूटने का आरोप पुलिस व उसके साथ आए लोगों पर लगाया गया है। इस मामले में पीड़ित गृहस्वामी ने एसपी कार्यालय में नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
खमरिया निवासी कृष्णाकांत ने एसपी को दी तहरीर में बताया है कि उसके मित्र खमरिया निवासी ओमप्रकाश से क्षेत्र के एक पूर्व विधायक के ड्राइवर ने रंगदारी के तौर पर 30 हजार रुपये मांगे थे, जिसका उसने विरोध किया था। इसके बाद गुरुवार को आरोपी ने उसे गालियां देकर मारा पीटा था। उसने मामले की शिकायत खमरिया चौकी पुलिस से की थी। शिकायत के बाद चौकी पुलिस दो बार उसके घर भी गई, लेकिन रात डेढ़ बजे करीब चौकी इंचार्ज व उक्त व्यक्ति, अनिल उसके घर पहुंचे और घर का दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हो गए। बक्सा का ताला तोड़कर 90 हजार रुपये व औरतों के जेवर लूट लिए। इसके बाद तीनों धमकियां देते हुए चले गए। एसपी दलवीर सिंह यादव ने मामले में जांच कर कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।