लखीमपुर/ओयल। शौच को गई एक महिला की कुछ लोगों ने उसी की साड़ी से गला कस कर हत्या कर दी। पुलिस ने इस मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
खीरी थाना क्षेत्र के ओयल पुलिस चौकी अंतर्गत आने वाले ग्राम तोडकपुर डिम्हौरा निवासी लखपति सिंह की पत्नी रेनुका वर्मा (30) सुबह गांव के निकट स्थित गन्ने के एक खेत में शौच को गई थी। काफी देर तक जब वह नहीं लौटी तो उसकी सास को चिंता हुई। रेनुका का पति सुबह ही घर से गन्ना छीलने निकल गया था, इसलिए रेनुका की सास ने पड़ोस के एक व्यक्ति के साथ उसकी तलाश शुरू की तो उसका शव घर से करीब दो सौ मीटर की दूर स्थित गन्ने के एक खेत में मिला। उसका गला उसकी साड़ी से बुरी तरह कसा हुआ था। शरीर पर खरोंच के कई निशान थे। पास में चूड़ियां टूटी पड़ी थी। उसको घसीटने के भी निशान थे। सूचना पर गांव के अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए। महिला के गले में कसा फंदा खोला गया। परिवार वालों के मुताबिक महिला बेहोश थी, परिवार वाले उसे उपचार के लिए जिला मुख्यालय ले जा रहे थे कि कुछ दूर चलते ही उसकी रास्ते में मौत हो गई। पति लखपति की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज करने के साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों के मुताबिक घटनास्थल को देखने से ऐसा लगता है कि महिला से पहले किसी ने जोर-जबरदस्ती की और विरोध करने पर उसकी हत्या कर दी। जिससे राज न खुलने पाए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक दलवीर सिंह यादव, सीओ सिटी अखिलेश नारायण सिंह ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। एसपी ने थानाध्यक्ष को शीघ्र हत्यारों का सुराग लगाने के निर्देश दिए हैं। दिवाली की सुबह हुई इस वारदात से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।