धौरहरा (नेटवर्क)। कोतवाली क्षेत्र में नौवापुर के पास घात लगाकर बैठे बदमाशों ने बाइक सवार दो लोगों को बंधक बनाकर रुपये, मोबाइल और बाइक लूट ली। मामले की तहरीर पुलिस को दी गई है। कोतवाल रंगीला सिंह यादव ने बताया कि घटना की जांच कराई जा रही है। उचित कार्रवाई की जाएगी।
अकठी गांव निवासी मुरारीलाल यादव अपने साथी कंधई के साथ रिश्तेदारी में शामिल होने माथुरपुर गांव जा रहे थे। रास्ते में करीब नौ बजे नौवापुर के पास घात लगाए बैठे बदमाशों ने दोनों को रोक लिया। मुरारी के पास से छह सौ रुपये और मोबाइल और कंधई के पास से चार सौ रुपये, मोबाइल छीन लिया। इसके बाद दोनों को बांधकर खेत में डाल दिया और बाइक भी लेकर चले गए। इस घटना से क्षेत्र में दहशत व्याप्त है।