परेशानी बढ़ी, यात्रियों को दिन भर भटकना पड़ा
लखीमपुर खीरी। पार्किंग शुल्क के नाम पर कथित अवैध वसूली के विरोध में टैक्सी चालकों ने प्रदर्शन कर चक्का जाम कर दिया। ठेकेदारों की मनमानी पर रोष जाहिर करते हुए टैक्सी चालकों ने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को ज्ञापन देकर समस्या का समाधान कराने की मांग की है। वहीं टैक्सी चालकों की हड़ताल से यात्रियों को चिलचिलाती धूप में परेशानी का सामना करना पड़ा।
बताते हैं कि सिसैया व नानपारा पार्किंग के लिए वैधानिक तौर पर प्रत्येक वाहन से 10 रुपये का शुल्क निर्धारित है। आरोप है कि इसे धता बताते हुए ठेकेदार मनमाने तौर पर 30 से 50 रुपये प्रति चक्कर के हिसाब से वसूली कर रहे हैं। सुविधाओं के नाम पर कुछ भी मुहैया नहीं है। इसके अलावा भी टैक्सी चालकों की तमाम दिक्कतें हैं। गुरुवार को अधिक वसूली से आजिज टैक्सी चालकों ने विरोध के स्वर मुखर करते हुए हड़ताल शुरू कर दी। टैक्सी चालक सरोज, विकास आदि बताते हैं कि शुल्क की वसूली रामापुर में की जाती है। जबकि नियमता स्टैंड पर ही वसूली होनी चाहिए। पिछले कुछ दिनों से ठेकेदार के लोग जीप और मार्शल से 30 रुपये और मैजिक से 50 रुपये वसूलने की कोशिश में जुट गए हैं। इससे रोजी-रोटी का संकट उत्पन्न हो गया है। सारी कमाई पार्किंग शुल्क केनाम पर जा रही है। गाड़ी में डीजल कहां से पड़ेगा। टैक्सी चालकों का आरोप है कि अवैध वसूली का विरोध करने पर चालकों के साथ बदसलूकी तथा मारपीट तक करने पर ठेकेदार के लोग आमादा हो जाते हैं। ईओ को दिए ज्ञापन में चालकों ने कहा है कि अवैध वसूली को बंद कराकर निर्धारित दरों पर वसूली करवाएं, ताकि टैक्सी संचालन सामान्य हो सके।
0000
निर्धारित शुल्क पर चुप्पी साध गए अधिकारी
नगर पालिका द्वारा निर्धारित पार्किंग शुल्क क्या है? यह सवाल बना हुआ है। ईओ वीके झा ने बताया कि अवैध वसूली की बात गलत है। नया ठेकेदार होने की वजह से भ्रांतियां खड़ी हुई हैं। पिछले शुल्क की भांति ही वसूली के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित शुल्क की बाबत कुछ भी कहने से ईओ कन्नी काट गए।