भागने में सफल रहे साथी
ममरी। हैदराबाद थाना पुलिस ने बाबा बल्देव दास आश्रम के पुजारी और ग्रामीणों के सहयोग से आठ प्रतिबंधित पशु बरामद कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। उसके साथी भागने में सफल रहे। एक मोबाइक भी बरामद की गई है।
हैदराबाद थाने के दरोगा परशुराम गोस्वामी, आरक्षी जागेश्वर प्रसाद, भीमसिंह आदि पुलिस कर्मियों को यह कामयाबी तब मिली जबकि गुरुवार तड़के कुछ लोग प्रतिबंधित पशुओं को खुटार की ओर ले जा रहे थे। हरगोविंदपुर स्थित बाबा बल्देवदास आश्रम के पुजारी संत सुदर्शन दास निर्मोही, विक्रम सिंह, लालता प्रसाद, डालचंद, जगदीश प्रसाद, श्रीकृष्ण आदि ग्रामीणों के सहयोग से पुलिस टीम ने इन लोगों के कब्जे से आठ प्रतिबंधित पशु बरामद कर एक व्यक्ति को मोबाइक के साथ गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। जबकि उसके दो-तीन साथी भागने में सफल रहे। पूछताछ में पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम शकील उर्फ छुटन्ने निवासी अंगदपुर मैलानी बताया। पुलिस ने बरामद पशुओं को ग्रामीणों की सुपुर्दगी में दे दिया है। एसओ देवेश कुमार शर्मा ने बताया कि इससे पहले भी इसी गांव के तीन लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।