विहिप ने डीएम को सात सूत्री ज्ञापन दिया
लखीमपुर खीरी। जिले में बढ़ रही प्रतिबंधित पशुओं की हत्या की घटनाओं से विश्व हिंदू परिषद कार्यकर्ताओं में रोष है। विहिप कार्यकर्ताओं ने इस संबंध में डीएम को सात सूत्री ज्ञापन दिया है और तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
विहिप कार्यकर्ताओं ने डीएम को ज्ञापन देकर बताया है कि विगत दो माह से प्रतिबंधित पशुओं की हत्याएं बढ़ी हैं। इसमें लोग लिप्त लोग निर्भय होकर समाज को भड़काने के लिए जगह-जगह ऐसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। प्रशासन की निष्क्रियता से उनके हौसले बुलंद हैं। इससे हिंदू समाज में रोष है। विहिप कार्यकर्ताआें ने मांग की है कि प्रतिबंधित पशुओं की हत्याएं रोकी जाएं। प्रतिबंधित पशुओं की हत्या करने वालों पर रासुका लगाकर उन्हें जेल भेजा जाए। जिले में बगैर लाइसेंस के चल रहे स्लाटर हाउसों पर प्रतिबंध लगाया जाए और इसमें संलिप्त व्यक्तियों पर कार्रवाई की जाए। आम रास्तों पर किसी भी प्रकार की मांस की बिक्री पर रोक लगाई जाए। जिन थानों में प्रतिबंधित पशुओं की हत्याएं हो उनके जिम्मेदार अधिकारियों की जांच कराई जाए और हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं को शस्त्र लाइसेंस उपलब्ध कराए जाएं।
ज्ञापन देने वालों में विहिप के जिला मंत्री आचार्य संजय मिश्र, ब्रजेश मिश्र, रामसेवक शर्मा, आशीष सिंह, नंद किशोर अग्रवाल, कैलाश नरायन तिवारी, ज्ञानेश्वर दीक्षित, संदीप जायसवाल, आशीष सिंह एडवोकेट, शिवानंद सहित कई लोग उपस्थित थे।