ग्राम विकास बैंक के चुनाव का मामला
झूठा मुुकदमा दर्ज करने का आरोप
सिकंद्राबाद। थाना नीमगांव पुलिस ने सोमवार की रात ग्राम विकास बैंक बेहजम के चुनाव के चलते एक मतदाता की तहरीर पर दो नामजद आरोपियों समेत पांच लोगों के खिलाफ अपहरण समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी ने सत्ता पक्ष के दबाव में नीमगांव पुलिस पर झूठा मुकदमा दर्ज करने का आरोप लगाया है।
पुलिस के मुताबिक थाना क्षेत्र के लूकेपारा निवासी रामसरन सिंह ने सोमवार की देर शाम तहरीर देकर आरोप लगाया कि वह बेहजम से घर आ रहा था कि रास्ते में थाना क्षेत्र के मांझा निवासी रामचंद्र तथा पिपरा बुजुर्ग निवासी मेवालाल और तीन अज्ञात लोगों ने उसे मुंडन में चलने की बात कहकर अगवा कर लिया। उसने बताया कि उसे ऐसी जगह ले जाया गया जहां पहले से ही बहुत लोग थे। विरोध करने पर उसे जानमाल की धमकी दी गई। किसी तरह वह जान बचाकर भागने में कामयाब हुआ।
पुलिस ने आरोपी रामचंद्र, मेवालाल समेत पांच लोगों के खिलाफ अपहरण समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच सिकंद्राबाद चौकी इंचार्ज को सौंपी है। उधर आरोपी रामचंद्र ने बताया कि नीमगांव पुलिस ने सत्ता के दबाव में झूठा मुकदमा लिखा है।