रविवार को तालाब में गुजरी निकालने गईं थीं
मितौली/भीखमपुर/सिकंद्राबाद। थाना क्षेत्र के गांव झाला निवासी पवन उर्फ जितेंद्र सिंह की दो पुत्रियों 11 वर्षीय अनामिका और नौ वर्षीय अंशिका की तालाब में डूबने से मौत हो गई, दोनों रविवार की दोपहर तालाब में गुजरी निकालने गईं थीं, घर न लौटने पर गांव वालों के साथ परिवारीजनों ने उनकी तलाश शुरू की तो गांव के करीब 200 मीटर पश्चिम स्थित तालाब में दोनों के शव उतराते मिले, दो सगी बहनों की मौत से पूरे इलाके में कोहराम मच गया। शव मिलने के बाद परिवार वालों ने सोमवार को दोनों का अंतिम संस्कार कर दिया।
अनामिका गांव के ही प्राइमरी स्कूल में कक्षा पांच और अंशिका कक्षा चार की छात्रा थी। रविवार को स्कूल में अवकाश होने के कारण दोनों बहनें गुजरी निकालने के लिए तालाब के अंदर चली गईं लेकिन तालाब में पानी अधिक होने के कारण दोनों उसी में डूब गईं। जिस समय अनामिका और अंशिका घर से बाहर निकलीं उस समय पिता पवन कुमार खरीदारी करने बीरमपुर गया था, पत्नी घर पर थी, लेकिन दोनों बहनें घर से बिना कुछ बताए ही चली गईं। रात में तलाश के दौरान जब दोनों बहनों के शव तालाब में मिलने की जानकारी हुई तो वहां काफी भीड़ जुट गई। शवों को तालाब से बाहर निकाला गया, पिता पवन ने पुलिस को सूचना दिए बगैर दोनों पुत्रियों का अंतिम संस्कार कर दिया, इस दौरान जिला पंचायत सदस्य अशोक कनौजिया, शिक्षक नेता पारस वर्मा समेत आसपास गांवों के तमाम लोग मौजूद रहे।